✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
मैरवा थाना की घटना के बाद एसपी की कार्रवाई, दो गृहरक्षकों के अनुबंध निरस्तीकरण का प्रस्ताव
सिवान: मैरवा थाना के हाजत से एक अभियुक्त के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिस सअनि सहित दो चौकीदारों को निलंबित कर दिया है। वहीं ड्यूटी में तैनात दो गृहरक्षकों के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।
एसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष मैरवा द्वारा समर्पित प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मैरवा थाना कांड संख्या 96/26 में 27 फरवरी को गिरफ्तार अभियुक्त रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के अदमापुर निवासी फिरोज अंसारी को थाना हाजत में रखा गया था।
बताया गया कि 27 फरवरी की रात उक्त अभियुक्त फिरोज अंसारी थाना हाजत की दीवार तोड़कर फरार हो गया। घटना के समय हाजत की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस सअनि अवधेश कुमार, चौकीदार बुलेट कुमार और चौकीदार राजेश्वर मांझी के जिम्मे थी। वहीं थाना संतरी की ड्यूटी पर गृहरक्षक राजबली पंडित और गृहरक्षक अवध किशोर राम तैनात थे।
प्राथमिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता सामने आने के बाद पुलिस सअनि अवधेश कुमार, चौकीदार बुलेट कुमार और चौकीदार राजेश्वर मांझी को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र निर्धारित किया गया है।
साथ ही ड्यूटी में तैनात गृहरक्षक राजबली पंडित और गृहरक्षक अवध किशोर राम के विरुद्ध अनुबंध निरस्त करने के लिए जिला पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा गया है।

