Explore

Search

March 12, 2026 8:04 pm

दूसरे अशरे में अल्लाह तआला अपने बंदों के गुनाहों को माफ करने का खास मौका देता है: रईस क़ादरी अमजदी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

माहे रमजान का दूसरा अशरा मगफिरत का, इबादत और तौबा की अहमियत बढ़ जाती है

सिवान: एमएम कॉलोनी, नजदीक अमजदिया कॉलोनी स्थित मदरसा अल-जमीअतुल अमजदिया के हाफिज व कारी आरफीन रईस क़ादरी अमजदी ने माहे रमजानुल मुबारक की फजीलत बयान करते हुए कहा कि रमजान शरीफ का दूसरा अशरा मगफिरत यानी गुनाहों की माफी का होता है। इस दौरान अल्लाह तआला अपने बंदों के गुनाहों को माफ करने का खास मौका देता है। यह समय आत्म-चिंतन, सुधार और रूहानी तरक्की का होता है।
उन्होंने कहा कि हदीस शरीफ में आता है कि जो शख्स ईमान और सवाब की नीयत से रोजा रखता है, उसके पिछले गुनाह माफ किए जा सकते हैं। इसलिए रमजान के दूसरे अशरे में रोजा, इबादत और तौबा की अहमियत और भी बढ़ जाती है।
उन्होंने सहरी और इफ्तार की अहमियत पर भी रोशनी डालते हुए कहा कि हदीसे पाक में सहरी की बहुत फजीलत बयान की गई है और सहरी को अम्बिया की सुन्नत बताया गया है। हुजूर-ए-अकरम ने फरमाया है कि सहरी किया करो, इसमें बहुत बरकत है। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं कि पेट भरकर ही खाया जाए, बल्कि एक या दो लुकमे अथवा एक-दो घूंट पानी पी लेने से भी सुन्नत अदा हो जाती है।
उन्होंने आगे कहा कि इफ्तार खजूर या पानी से करना अफजल माना गया है। अगर यह मयस्सर न हो तो किसी भी हलाल चीज़ से इफ्तार किया जा सकता है। हदीसे पाक में यह भी बयान हुआ है कि रोजेदार की दुआ इफ्तार के वक्त कुबूल होती है। इसलिए इफ्तार से पहले दुआओं का खास एहतमाम किया जाए और इफ्तार तक दुआ में मशगूल रहा जाए।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस मुबारक मौके पर अपनी मगफिरत, मां-बाप की मगफिरत, रिश्तेदारों की मगफिरत और पूरी उम्मत के लिए ज्यादा से ज्यादा दुआ-ए-मगफिरत की जाए। उन्होंने कहा कि अल्लाह रब्बुल इज्जत इस अशरे में बहुत से लोगों की मगफिरत फरमाता है, इसलिए खास तौर पर इस दौरान अल्लाह से माफी मांगनी चाहिए।
रईस क़ादरी अमजदी ने यह भी कहा कि रोजे की हालत में झूठ बोलने, चुगली करने, किसी को भला-बुरा कहने और गीबत करने से बचना चाहिए। इस तरह की बुरी बातों से रोजे की रूहानी अहमियत कम हो जाती है, इसलिए रोजेदारों को फिजूल और बेवजह की बातों से परहेज करना चाहिए।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर