Explore

Search

May 30, 2026 10:54 pm

तरवारा : आर्केस्ट्रा में शोषित हो रही पांच नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने कराया मुक्त

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

विशेष अभियान के तहत जीबी नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी, मानव तस्करी पर कड़ी कार्रवाई

सिवान: आर्केस्ट्रा में जबरन शोषण और प्रताड़ना का शिकार बनाई जा रही पांच नाबालिग लड़कियों को जिला पुलिस ने मुक्त कराया है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी ने बताया कि अनैतिक देह व्यापार एवं मानव तस्करी की रोकथाम के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली के पत्र के आलोक में उनके निर्देशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में महिला थाना द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जीबी नगर थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों की विधिवत घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान जबरन प्रताड़ित कर आर्केस्ट्रा में नृत्य करवाए जाने वाली पांच नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। इनमें दो पश्चिम बंगाल, दो बिहार तथा एक नागालैंड की रहने वाली बताई जा रही हैं।
इस संबंध में जीबी नगर थाना में कांड दर्ज कर अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मानव तस्करी और नाबालिगों के शोषण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
छापेमारी टीम में महिला थानाध्यक्ष, जीबी नगर थानाध्यक्ष, एएचटीयू प्रभारी, रेस्क्यू फाउंडेशन मुंबई के सदस्य सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर