सिवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष रामायण चौधरी को जिला पुलिस ने एसटीएफ की मदद से किया गिरफ्तारI
पूर्व में रामायण चौधरी के भाई चुमन चौधरी की भी हो चुकी है गिरफ्तारी
बरहन गोपाल गांव में झूलन प्रसाद हत्याकांड मामले में अनुसंधान तेज
✍️परवेज अख्तर/एडिटर इन चीफ
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल गांव में हुए 23 फरवरी की देर रात सुप्तावस्था में झूलन प्रसाद की सिर में गोली मारकर हत्या मामले में जिला पुलिस ने एसटीएफ की मदद से दर्ज कांड के आरोपित सह सिवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष रामायण चौधरी को पटना से गिरफ्तार कर लिया।जैसे ही रामायण चौधरी के गिरफ्तारी की खबर राजनीतिक गलियारों में लगी तो यह खबर जंगल में लगी आग की तरफ फैल गई।झूलन प्रसाद की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस ने घटना की प्राथमिकी मृतक के पुत्र के लिखित तहरीर पर स्थानीय थाने में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अंकित करते हुए अनुसंधान प्रारंभ की थी। दर्ज प्राथमिकी में सिवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष रामायण चौधरी,इनके भाई चुमन चौधरी,इनके पुत्र सोनू कुमार,तथा दो अन्य अज्ञात को आरोपित किया गया है।मृतक के पुत्र ने अपने लिखित तहरीर में यह उल्लेख किया है कि 23 फरवरी की रात मेरे पिता झूलन प्रसाद खाना खाने के बाद घर के बरामदे में सोए हुए थे। देर रात दो राउंड गोली चलने की आवाज सुनाई दी।जब हम सभी घर के सदस्य बाहर निकले तो गांव के चुमन चौधरी,सोनू कुमार एवं दो अज्ञात व्यक्तियों को घटनास्थल से भागते देखा।बरामदे में मेरे पिता झूलन प्रसाद खून से लथपथ पड़े हुए थे।ग्रामीणों की सहयोग से उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया,जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।यह भी आरोप है कि अगले दिन सुबह आरोपित घर पहुंचकर खून के धब्बों को साफ करने लगे,ताकि साक्ष्य मिटाया जा सके।परिजनों को पोस्टमार्टम नहीं कराने की धमकी भी दी गई। यहां बताते चले की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चुमन चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। जो अभी मंडल कारा में बंद है।

