सीएम नीतीश के सिवान दौरे से विकास, समावेश और विश्वास को मिली नई मजबूती : मौलाना इमरान
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
विरोधी करते रहे राजनीतिक शोर, नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार ही नहीं देश की बड़ी ताकत बनकर उभरे
सिवान। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सिवान दौरा केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार के समावेशी विकास मॉडल की पुनः पुष्टि है। ऑल मदरसा युवा शिक्षक संघ (बिहार) के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना इमरान ने कहा कि समृद्धि यात्रा के दौरान सिवान को मिली विकास योजनाओं की सौगात यह दर्शाती है कि सरकार का फोकस केवल आधारभूत संरचना तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक संतुलन जैसे मूलभूत मुद्दों पर भी समान रूप से है।

मौलाना इमरान ने कहा कि सिवान ऐतिहासिक, सामाजिक और शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है और यहां विकास की हर पहल का सीधा असर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत सरकार भवन, सड़क, शहरी विकास और प्रशासनिक ढांचे से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास यह साबित करता है कि राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की नीति पर ईमानदारी से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से शिक्षा क्षेत्र में किए गए निवेश से नामांकन बढ़ेगा और ड्रॉपआउट की समस्या में कमी आएगी। इससे मदरसा पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों को भी मुख्यधारा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और मेडिकल कॉलेज से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार आमजन के लिए बड़ी राहत है।
विरोधियों पर प्रतीकात्मक हमला करते हुए मौलाना इमरान ने कहा कि कुछ लोग वर्षों से यह कहते आ रहे थे कि नीतीश कुमार का दौर खत्म हो गया है। विरोधी केवल विरोध करते रह गए, लेकिन जमीन पर काम और जनता का भरोसा यह साबित कर रहा है कि नीतीश कुमार न सिर्फ बिहार में, बल्कि देश की राजनीति में एक बार फिर बड़ी शक्ति बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और सामाजिक संतुलन से नेतृत्व मजबूत होता है, और नीतीश कुमार ने इसे बार-बार साबित किया है।
उन्होंने रोजगार सृजन पर मुख्यमंत्री के फोकस को भी सराहनीय बताया। कहा कि डेयरी, कृषि, स्थानीय उद्योग और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की नीति से युवाओं को नई दिशा मिल रही है। इससे ग्रामीण युवाओं को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा और सामाजिक स्थिरता मजबूत होगी।
मौलाना इमरान ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत कृषि, सिंचाई और मखाना जैसे स्थानीय उत्पादों पर फोकस सिवान जैसे जिलों के लिए बेहद उपयोगी है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मदरसों के लिए किए गए कार्य ऐतिहासिक
उन्होंने कहा कि मदरसों के संदर्भ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्य ऐतिहासिक और दूरदर्शी हैं। मदरसा शिक्षकों को सरकारी मान्यता, मानदेय व्यवस्था में सुधार, आधुनिक विषयों की पढ़ाई को बढ़ावा, विज्ञान, गणित और कंप्यूटर शिक्षा की शुरुआत तथा मदरसा छात्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल ने एक नई दिशा दी है।
अंत में मौलाना इमरान ने कहा कि मुख्यमंत्री का सिवान दौरा यह भरोसा देता है कि विकास का रास्ता संवाद, संवेदनशीलता और समावेश से होकर जाता है। ऑल मदरसा युवा शिक्षक संघ सरकार के सकारात्मक प्रयासों के साथ खड़ा है और शिक्षा व सामाजिक समरसता के लिए अपनी भूमिका निभाता रहेगा।