Explore

Search

February 4, 2026 7:43 am

हुसैनगंज : सुतली बम बनाते समय जोरदार धमाका, एक की मौत, गांव में दहशत का माहौल

हुसैनगंज में सुतली बम बनाते समय जोरदार धमाका, एक की मौत, गांव में दहशत का माहौल
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बड़रम गांव में हादसा, शव के उड़े चिथड़े, तीन किलोमीटर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
हुसैनगंज (सिवान)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बड़रम गांव में गुरुवार की सुबह करीब 11:30 बजे सुतली बम बनाने के दौरान एक घर में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में बम बना रहे मोहम्मद मुर्तुजा मंसूरी (50) की मौके पर ही मौत हो गई। धमाका इतना भीषण था कि मृतक का शव क्षत-विक्षत होकर कुछ दूरी पर जा गिरा। धमाके की आवाज लगभग तीन किलोमीटर तक सुनाई दी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सिवान भेज दिया। वहीं सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। एसपी के निर्देश पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
ग्रामीणों के अनुसार मोहम्मद मुर्तुजा मंसूरी पिछले कई वर्षों से शादी-विवाह व अन्य आयोजनों के लिए पटाखा व सुतली बम बनाने का कार्य करते थे। बताया गया कि वर्ष 2019 में भी उनके घर में इसी तरह का धमाका हुआ था, जिसमें उनका पूरा घर क्षतिग्रस्त हो गया था और घर में रखी रुई जलकर राख हो गई थी। गुरुवार को भी वह घर के पीछे बने करकट नुमा कमरे में सुतली बम बना रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घर से बड़ी मात्रा में सुतली बम बरामद
घटना के बाद पुलिस ने मृतक के घर की तलाशी ली, जिसमें काफी मात्रा में तैयार व अर्धनिर्मित सुतली बम बरामद किए गए। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार सिंह एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मैरवा भी मौके पर मौजूद रहे और परिजनों से पूछताछ की।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि डायल-112 के माध्यम से धमाके की सूचना प्राप्त हुई थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पूछताछ में सामने आया है कि मृतक लंबे समय से पटाखा बनाने का कार्य कर रहा था। मामले की गहन जांच की जा रही है।
एसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना या जिला पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9031683607 पर दें। नागरिकों की सुरक्षा सिवान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर