Explore

Search

February 4, 2026 7:43 am

सिवान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सख्त निर्देश— सभी पदाधिकारी पूरी प्रतिबद्धता व संवेदनशीलता से योजनाओं को करें पूर्ण

सभी पदाधिकारी पूरी प्रतिबद्धता व संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को तेजी से करें पूर्ण : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

समृद्धि यात्रा के दौरान विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन का निर्देश
सिवान। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में सिवान जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रगति यात्रा के तहत की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं को शीघ्र, गुणवत्ता एवं संवेदनशीलता के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री सर्वप्रथम हेलीकॉप्टर से राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल परिसर स्थित हेलीपैड पर पहुंचे, जहां सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक निलेश कुमार, जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, सांसद विजयलक्ष्मी देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं वरीय पदाधिकारियों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य सह विधि मंत्री मंगल पांडेय तथा सहकारिता मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने संयुक्त रूप से राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल के ओपीडी भवन का विधिवत उद्घाटन किया। साथ ही निर्माणाधीन अस्पताल परिसर में नवनिर्मित सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिले में विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री एवं विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव व सचिव मुख्य कार्यक्रम स्थल राजेंद्र स्टेडियम पहुंचे, जहां पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा के तहत स्वीकृत सभी योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता के आधार पर तेजी से सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय-2 के अंतर्गत संचालित कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तथा सात निश्चय-3 के तहत निर्धारित योजनाओं पर समयबद्ध तरीके से कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी पदाधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को पूर्ण करें।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। इसके लिए जिले में नए उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही रोजगार सृजन के उद्देश्य से डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे लोगों की आमदनी बढ़े और जीवन स्तर में सुधार हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए सात निश्चय-3 कार्यक्रम लागू किया गया है। इसके तहत कृषि में प्रगति एवं प्रदेश की समृद्धि पर विशेष जोर दिया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2024 से 2029 तक चौथे कृषि रोड मैप को लागू किया जा रहा है। साथ ही मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए विशेष रोड मैप तैयार किया गया है। हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, जिससे कृषि विकास के साथ किसानों की आय में वृद्धि होगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर