हसनपुरा नगर पंचायत में गरीबों की आधारभूत सुविधाओं पर बजट लटका, ढाई साल बाद भी जमीन पर नहीं उतरी योजनाएं
2023-24 के बजट में सड़क, नाली, पानी, पार्क जैसी सुविधाओं का था प्रावधान, स्वीकृति के अभाव में कार्य ठप
हसनपुरा (सीवान) : नगर पंचायत हसनपुरा में वर्ष 2023-24 के बजट में शहरी गरीबों को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का प्रावधान किया गया था। इस बजट में पीसीसी कांक्रीट सड़क, सीवरेज व ड्रेनेज सिस्टम, बोरवेल, पार्क विद ओपन जिम, प्लेग्राउंड, रैन बसेरा, जलापूर्ति की मरम्मत व रख-रखाव, तथा हैंडपंप जैसी आवश्यक सुविधाएं शामिल थीं।
इन सभी योजनाओं को अमल में लाने के उद्देश्य से नगर पंचायत हसनपुरा द्वारा प्रस्ताव बनाकर नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना को भेजा गया था, ताकि शहरी गरीबों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
हालांकि, ढाई वर्ष बीत जाने के बावजूद हसनपुरा क्षेत्र में इन योजनाओं का कोई ठोस असर देखने को नहीं मिला है। आज भी कई वार्डों में सड़क, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं लचर हालत में हैं, जिससे आम नागरिकों, खासकर गरीब तबके को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में जब नगर पंचायत हसनपुरा के कार्यपालक पदाधिकारी से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि यह सही है कि वर्ष 2023-24 में उक्त योजनाओं का बजट बनाकर विभाग को भेजा गया था, लेकिन नगर विकास एवं आवास विभाग से अब तक इसकी स्वीकृति नहीं मिली, जिस कारण सभी योजनाएं लंबित हैं।
उन्होंने आगे बताया कि फरवरी 2026 तक बजट स्वीकृत होने की उम्मीद है। स्वीकृति मिलते ही इन योजनाओं पर कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं, वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में उन्होंने कहा कि 15th फाइनेंस से मिलने वाली राशि का 30 प्रतिशत इन कार्यों में उपयोग किया जा सकता है। उम्मीद है कि यह राशि जनवरी–फरवरी तक प्राप्त हो जाएगी, जिससे कुछ योजनाओं पर काम शुरू किया जा सकेगा।
फिलहाल, हसनपुरा नगर पंचायत के नागरिक बजट की स्वीकृति और योजनाओं के क्रियान्वयन का इंतजार कर रहे हैं, ताकि शहरी गरीबों को घोषित सुविधाएं वास्तविक रूप से मिल सकें।

