सराय ओपी: मुकेश कुमार की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी अनुज तिवारी फरार
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बड़कागांव कोइरी टोला में 22 वर्षीय युवक की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी अनुज तिवारी फरार
सराय थाना क्षेत्र के बड़कागांव कोइरी टोला गांव में बुधवार की सुबह 22 वर्षीय युवक मुकेश कुमार की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान देवानंद भगत के पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।
घटना के संबंध में परिजनों ने सीधे तौर पर गांव के ही अनुज तिवारी पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया गया कि बुधवार सुबह अनुज तिवारी मुकेश के घर आया और उसे साथ लेकर बाहर गया। कुछ देर बाद काली स्थान के समीप मुकेश की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई।
सूचना पर सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह और थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता ने कहा कि “हमलावर अनुज तिवारी घटना को अंजाम देने के बाद चाकू हाथ में लिए भाग निकला।” ग्रामीणों के अनुसार हत्या के बाद उसे पकड़ने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह फरार हो गया।
शाम को जैसे ही शव गांव पहुंचा, स्वजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया।
थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू ने बताया कि आरोपी अनुज तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसे लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

