Explore

Search

March 21, 2026 10:11 pm

खान ब्रदर्स के ठिकानों पर फिर हुई छापेमारी, भारी मात्रा में हथियार बरामद – तीन गिरफ्तार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सिवान : खान ब्रदर्स के नेटवर्क पर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एसपी मनोज कुमार तिवारी के नेतृत्व में जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एके-47 सहित भारी मात्रा में हथियार और गोलियां बरामद की हैं। इस दौरान संगठन से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

गिरफ्तार लोगों की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर लेवारी निवासी इस्लाम अंसारी के पुत्र अब्दुल कलाम, ईद मोहम्मद के पुत्र बाबू अली अंसारी और ग्यासपुर निवासी साह आलम की पत्नी समीना खातून के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक एके-47 रेगुलर राइफल, दो एके-47 के लोडेड मैगजीन, 143 जिंदा कारतूस, एक देशी कट्टा, दो 315 बोर की जिंदा गोली, एक रेगुलर दो नली बंदूक, तीन 12 बोर की गोली, एक कार्बाइन और 19 पीस 9 एमएम की गोली बरामद की है।

एसपी मनोज कुमार तिवारी ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 7–8 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि 52 मामलों के आरोपी कुख्यात बदमाश रईस खान और अयूब खान के संगठन के सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं और भारी मात्रा में अवैध हथियार अपने घरों में छिपाकर रखे हुए हैं।

सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर वन) अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ग्यासपुर गांव में लगातार छापेमारी की, जिसमें बड़ी मात्रा में हथियार बरामद हुए।

छापेमारी के दौरान अब्दुल कलाम आजाद के घर से एके-47 असॉल्ट राइफल, एक देशी कट्टा और भारी मात्रा में गोली मिली। बाबू अली के घर से एक कार्बाइन और गोलियां बरामद हुईं, जबकि समीना खातून के घर से एक दो नली बंदूक और जिंदा कारतूस मिले।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर वन) अजय कुमार सिंह, एसटीएफ टीम, जिला खुफिया इकाई के निरीक्षक अखिलेश कुमार, पु.नि. विजय कुमार यादव, हुसैनगंज थानाध्यक्ष मिहिर कुमार, जिला खुफिया इकाई के पु.अनि. अशोक कुमार, सिसवन थानाध्यक्ष टुनटुन कुमार, चैनपुर थानाध्यक्ष विजय रंजन, सराय थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू, पु.अनि. कौशल कुमार समेत कई सशस्त्र बल शामिल थे।


Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर