Explore

Search

March 20, 2026 3:42 am

सिवान : ट्रेन में यात्री सहित ओबीएचएस स्टाफ से मारपीट, चार वेंडर गिरफ्तार

ट्रेन में यात्री सहित ओबीएचएस स्टाफ से मारपीट, चार वेंडर गिरफ्तार
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल ट्रेन में हुई घटना, आरपीएफ-जीआरपी-टास्क टीम की संयुक्त कार्रवाई

सिवान : गाड़ी संख्या 02569 दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल ट्रेन में 13 जुलाई को ओबीएचएस स्टाफ व एक यात्री के साथ हुई मारपीट के मामले में रेलवे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार वेंडरों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार वेंडरों में सिसवन थाना क्षेत्र के चैनपुर निवासी मुकेश कुमार, गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के पूरब मोहल्ला वार्ड संख्या 20 निवासी विकास दास, वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र हाजीपुर गांधी आश्रम वार्ड संख्या 22 निवासी अखिलेश कुमार महतो और मीरगंज थाना क्षेत्र के नरैनिया निवासी यश कुमार शामिल हैं।

आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव ने जानकारी दी कि 13 जुलाई को सिवान जंक्शन पर क्लोन स्पेशल ट्रेन के एक कोच में वेंडरों के एक समूह ने ओबीएचएस स्टाफ और एक यात्री के साथ मारपीट की थी। घटना को लेकर जीआरपी में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ छपरा के सहायक सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर एक संयुक्त टीम गठित की गई थी, जिसमें आरपीएफ, जीआरपी और टास्क टीम के सदस्य शामिल थे। इस टीम ने सोमवार को विशेष कार्रवाई करते हुए चार वेंडरों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रेल प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और शेष वेंडरों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर