Explore

Search

March 10, 2026 3:13 pm

सिवान : सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सिवान के पंचमुखी शिव मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, शिवभक्ति में डूबा शहर

सिवान: सावन माह के पहले सोमवार को जिले भर के शिव मंदिरों और शिवालयों में आस्था का अभूतपूर्व ज्वार देखने को मिला। शहर से लेकर गांव तक के शिवधामों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। हर-हर महादेव, ओम नमः शिवाय, जय भोलेनाथ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।

महिलाएं हरे वस्त्रों में, हाथों में पूजा की थाली और जल कलश लेकर शिवालयों में पहुंचीं। हरी चूड़ियों और सिंदूर से सजी महिलाएं भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रही थीं। कई महिलाओं ने व्रत रखकर विशेष पूजन किया।

शहर के महादेवा स्थित पंचमुखी शिव मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की गई थी।

मखदुम सराय महावीर शिव मंदिर, डाक बंगला रोड, फतेहपुर, श्रीनगर, स्टेशन रोड सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में भी बड़ी संख्या में भक्तों ने जलाभिषेक किया।

मंदिरों की भव्य सजावट, दीपों की रोशनी, भक्तिमय गीत—“हे शंभू बाबा मेरे भोलेनाथ”, “कर्पूरगौरं करुणावतारं…” से संध्या काल का वातावरण अलौकिक हो उठा।

श्रद्धालुओं की सेवा में मंदिर अध्यक्ष विजय कुमार, सचिव योगेंद्र साह, सह सचिव सन्नी कुमार समेत कई स्वयंसेवक लगे रहे।

मंदिर परिसर में लगे मेले में पूजा सामग्री, मिठाई, चाट, खिलौनों और गुब्बारों की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने जमकर खरीदारी की और पर्व का आनंद उठाया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर