Explore

Search

March 5, 2026 8:49 am

गोरेयाकोठी : ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बिजली मिस्त्री द्वारा 20 हजार रुपये मांगने का आडियो प्रसारित

ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बिजली मिस्त्री द्वारा 20 हजार रुपये मांगने का आडियो प्रसारित
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सिसई पांडेय टोला में भ्रष्टाचार का नया मामला, आडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप

गोरेयाकोठी (सिवान) : प्रखंड के सिसई पांडेय टोला में जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने के बदले 20 हजार रुपये की मांग किए जाने का एक कथित आडियो वायरल हो गया है, जिससे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस आडियो में कथित तौर पर बिजली मिस्त्री सुनील द्वारा ग्रामीणों से यह कहते सुना जा रहा है कि जब तक एजेंसी को 20 हजार रुपये नहीं दिए जाएंगे, तब तक ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जाएगा।

वायरल ऑडियो में मिस्त्री खुलेआम यह दावा करता है कि इस मामले में स्थानीय विधायक या बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) भी कुछ नहीं कर सकते। वह बातचीत के दौरान खुद पैसे की गारंटी लेने की बात भी कह रहा है। जब एक ग्रामीण रकम देने में असमर्थता जताता है तो वह स्पष्ट रूप से कहता है कि बिना पैसे ट्रांसफार्मर लगाना संभव नहीं है।

हालांकि समय सिवान इस वायरल आडियो की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन इसकी चर्चा पूरे इलाके में जोर पकड़ चुकी है। ग्रामीणों में इसको लेकर रोष देखा जा रहा है। उनका कहना है कि बिना रिश्वत दिए अब सरकारी काम संभव नहीं रह गया है।

प्रशासनिक स्तर पर इस मामले को लेकर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वायरल ऑडियो ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर