विद्यालय में योगदान नहीं करने पर शिक्षिका पर होगी कार्रवाई
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
छेड़खानी के आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद विद्यालय संचालन के लिए तैनात की गईं थीं दो शिक्षिकाएं
महाराजगंज (सिवान) : नगर पंचायत के वार्ड संख्या आठ स्थित राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय कपियां के शिक्षक रामेश्वर साह को छात्राओं के साथ छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में बीईओ राजकिशोर उपाध्याय ने शिक्षक के निलंबन हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को पत्र भेजा है।
विद्यालय में पठन-पाठन को प्रभावित न होने देने के उद्देश्य से प्रभारी जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीश कुमार झा ने तत्काल प्रभाव से प्रखंड के राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय तक्कीपुर की दो शिक्षिकाओं— अनीमा देवी और नीलम देवी— को कपियां विद्यालय में प्रतिनियुक्त किया था। आदेशानुसार दोनों शिक्षिकाओं को 24 घंटे के भीतर विद्यालय में योगदान करना था।
सोमवार को शिक्षिका अनीमा देवी ने जहां समय पर योगदान कर लिया, वहीं नीलम देवी ने डीईओ के स्पष्ट आदेश के बावजूद विद्यालय में योगदान नहीं किया। इस पर बीईओ ने कहा कि नीलम देवी द्वारा आदेश की अवहेलना की गई है, और उनके विरुद्ध कार्रवाई हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र प्रेषित किया जा रहा है।

