पोते की हत्या के आरोप में दादा गिरफ्तार, भेजे गए जेल
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
महना गांव में 13 जून को हुई थी मारपीट, इलाज के दौरान पोते की हुई थी मौत
भगवानपुर हाट (सिवान): थाना क्षेत्र के महना गांव में पोते की हत्या के मामले में फरार चल रहे दादा जमुना राम को पुलिस ने शनिवार की रात छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार के बाद रविवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 13 जून को महना गांव में आपसी विवाद को लेकर पिता और पुत्र के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें अर्जुन राम गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
इस घटना को लेकर मृतक की मां सविता देवी ने 16 जून को थाना में आवेदन देकर अपने ससुर जमुना राम सहित 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में मुख्य आरोपित जमुना राम को गिरफ्तार किया गया।
थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि शेष अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

