हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजेंगे मंदिर व शिवालय
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
14 जुलाई को सावन की पहली सोमवारी, शिवालयों में जलाभिषेक की तैयारियां पूरी
सिवान: भक्ति और आस्था का पावन पर्व सावन शुक्रवार से आरंभ हो चुका है और इसी के साथ देवों के देव महादेव की आराधना का शुभ अवसर भी आ गया है। 14 जुलाई को इस वर्ष की पहली सोमवारी को लेकर जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक स्थित शिव मंदिरों और शिवालयों में खास तैयारी की गई है। हर ओर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजने लगे हैं।
सावन की पहली सोमवारी पर अलसुबह से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। जिला मुख्यालय स्थित पंचमुखी शिव मंदिर महादेवा, श्रीनगर, डाकबंगला रोड, स्टेशन रोड, फतेहपुर, भावनाथ मंदिर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों को सजाया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी सिसवन का मेहंदार मंदिर, गुठनी का सोहागरा धाम, मैरवा का हरिराम ब्रह्मा मंदिर, जीरादेई का अनंतधाम मंदिर, और महाराजगंज, बसंतपुर, भगवानपुर, खैरवां, सोन्धानी, लकड़ी नबीगंज, मदारपुर, शामपुर कौड़िया, गोरेयाकोठी, पीपरा, दरौली, रघुनाथपुर आदि क्षेत्रों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है।
पूरे जिले में कांवड़ियों की टोलियां बाबाधाम के लिए प्रस्थान करती नजर आ रही हैं। सड़कों पर हर ओर नारंगी वस्त्रधारी भक्तों का उत्साह देखते ही बनता है।
मंदिरों के प्रबंधन समितियों द्वारा जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। कहीं लाइन की व्यवस्था तो कहीं प्रसाद और जल वितरण की योजना बनाई गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
सावन की सोमवारी को लेकर पूजा सामग्री की दुकानों में रौनक बढ़ गई है। फूल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, गंगाजल व अन्य सामग्री की बिक्री जोरों पर है। वहीं फल बाजार में भी खास चहल-पहल देखी जा रही है।
प्रशासन द्वारा प्रमुख मंदिरों के आस-पास सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती की जा रही है ताकि शांति व सुव्यवस्था बनी रहे।

