सदर अस्पताल में मरीज का मोबाइल चोरी, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गार्ड गिरफ्तार
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने ही की थी चोरी, पुलिस ने बरामद किया मोबाइल व चार्जर
सिवान: सदर अस्पताल (मॉडल अस्पताल) के पुरुष वार्ड में इलाजरत एक मरीज का मोबाइल चोरी होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान मैरवा थाना क्षेत्र के गंधू छापर निवासी पुनीत तिवारी के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी के अनुसार मरीज के मोबाइल चोरी की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा गया कि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड मरीज के बेड से मोबाइल और चार्जर उठाकर वार्ड से निकलता है। सीसीटीवी में पूरा घटनाक्रम कैद होने के बाद पुलिस ने जब गार्ड से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जेब से मोबाइल और चार्जर निकालकर पुलिस को सौंप दिया।
इसके बाद पुलिस आरोपी गार्ड को थाना ले गई और पीड़ित की ओर से नगर थाना में आवेदन देने के बाद विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार ने बताया कि गिरफ्तार गार्ड पुनीत तिवारी ने चोरी की बात स्वीकार कर ली है और जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

