एसपी ने किया थानाध्यक्षों संग पहला क्राइम मीटिंग, दिए सख्त निर्देश
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सभी थानों में बढ़ेगी रात्रि गश्ती, दुष्कर्म व लूट मामलों के त्वरित निष्पादन का आदेश
सिवान: जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी के नेतृत्व में रविवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में एक अहम क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। यह एसपी तिवारी का थानाध्यक्षों के साथ पहला क्राइम मीटिंग था, जिसमें जिले के सभी थानों की अपराध स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
मीटिंग के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों का एक सप्ताह के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वारंटियों की जल्द गिरफ्तारी, रात्रि गश्ती तेज करने और नियमित पेट्रोलिंग पर विशेष जोर दिया।
मीटिंग में प्रत्येक थानाध्यक्ष से उनके थाना क्षेत्र में हुई आपराधिक घटनाओं और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। कांडों के निष्पादन में लापरवाही पाए जाने पर कई थानाध्यक्षों को जमकर फटकार भी लगाई गई। विशेषकर लूट के मामलों में देरी पर एसपी ने नाराजगी जताते हुए कड़ी चेतावनी दी।
एसपी ने कहा कि पुलिस की कुछ कार्रवाइयों में सफलता जरूर मिली है, लेकिन अपराध पर पूर्ण नियंत्रण के लिए तेजी और सख्ती आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अनुसंधान, अपराधियों की गिरफ्तारी, और चार्जशीट दाखिल करने में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मलमलिया तिहरे हत्याकांड पर विशेष नजर
बैठक के दौरान एसपी तिवारी भगवानपुर थाना क्षेत्र के मलमलिया में हुई तिहरे हत्याकांड को लेकर गंभीर नजर आए। उन्होंने पहले मलमलिया की स्थिति का जायजा लिया और फिर पचरुखी थाना क्षेत्र के घरथवालिया में हुई गोलीबारी पर भी संबंधित थानाध्यक्ष से विस्तार से पूछताछ की। दोनों घटनाओं के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है।
बैठक में एसडीपीओ सदर अजय कुमार सिंह, प्रभारी एसडीपीओ महाराजगंज शैलेश प्रीतम, नगर थानाध्यक्ष राजू कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास, महादेवा प्रभारी निर्भय कुमार, जीबी नगर थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल,गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष विकाश कुमार,जामो बाजार थानाध्यक्ष अभिनंदन कुमार यादव,बसंतपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, नौतन थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान, जिरादेई थानाध्यक्ष सोनी कुमारी, गुठनी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार समेत सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

