50 लाख की जब्त शराब नष्ट, बोतलों पर चला रोड रोलर
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
जिले के विभिन्न थानों में जब्त 15 हजार लीटर से अधिक शराब को पुलिस लाइन में किया गया विनिष्ट
सिवान: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के तहत कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को सिवान जिला प्रशासन ने बड़ी मात्रा में जब्त शराब को नष्ट किया। शहर के पुलिस लाइन परिसर में जिलाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश के निर्देश पर उत्पाद विभाग की देखरेख में लगभग 50 लाख रुपए मूल्य की जब्त शराब की बोतलों पर रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया गया।
इस कार्रवाई में उत्पाद अधीक्षक शशांक वर्मा, मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात सदर सीओ, डीएसपी पुलिस लाइन, उत्पाद निरीक्षक गणेश चंद्रा एवं निरीक्षक पीयूष राज मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों से लाए गए लगभग 121 मामलों में जब्त कुल 15,543.140 लीटर शराब नष्ट की गई। इसमें 6,642.100 लीटर देसी शराब तथा 8,901.040 लीटर विदेशी शराब शामिल थी।
इस कार्रवाई में नगर थाना, मुफस्सिल थाना, महादेवा थाना, जीआरपी सहित अन्य थानों के थानाध्यक्षों ने जब्त शराब को विनिष्ट स्थल तक पहुंचाया।
उत्पाद अधीक्षक शशांक वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई उत्पाद अधिनियम के तहत की गई है और इससे पूर्व भी हजारों लीटर शराब इसी प्रकार नष्ट की जा चुकी है। पिछली कार्रवाई में करीब एक करोड़ रुपए मूल्य की शराब पर रोड रोलर चलाया गया था।
शराब विनिष्टीकरण का कार्य देर रात तक चला और इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं कानूनसम्मत प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करता रहा।

