Explore

Search

March 7, 2026 1:51 pm

महाराजगंज : छात्राओं से अश्लील हरकत के आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई, बीईओ ने भेजी निलंबन की संस्तुति

छात्राओं से छेड़खानी के आरोप में शिक्षक पर कार्रवाई, बीईओ ने भेजा निलंबन की संस्तुति
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

महाराजगंज के स्कूल में शिक्षक की घिनौनी हरकत से ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

महाराजगंज (सिवान): महाराजगंज नगर पंचायत क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में गुरु-शिष्य की मर्यादा को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। विद्यालय में कार्यरत शिक्षक रामेश्वर साह पर कक्षा दो और चार की छात्राओं से छेड़खानी करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद बीईओ राजकिशोर उपाध्याय ने आरोपी शिक्षक के निलंबन के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेज दिया है।

बताया जाता है कि शुक्रवार को रामेश्वर साह ने विद्यालय के एक कमरे में छात्राओं के साथ अश्लील हरकत की। बच्चियों ने इसकी जानकारी अपने स्वजनों को दी, जिसके बाद आक्रोशित स्वजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और शिक्षक की पिटाई कर दी।

छात्राओं के स्वजनों ने आरोप लगाया कि शिक्षक प्रतिदिन छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करता था, लेकिन इस बार बच्चियों ने हिम्मत दिखाते हुए अपने माता-पिता को सच बताया।

घटना की सूचना डायल 112 को दी गई, लेकिन दो घंटे तक कोई पुलिस नहीं पहुंची। इससे नाराज ग्रामीणों ने एसपी मनोज कुमार तिवारी को सीधे फोन कर घटना की जानकारी दी। तत्पश्चात एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष संजीव कुमार, पुअनि ललन सिंह और ओमप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में लेकर थाना भेज दिया।

बीईओ राजकिशोर उपाध्याय ने स्वयं विद्यालय पहुंचकर छात्राओं और उनके स्वजनों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आरोपी शिक्षक का कृत्य अत्यंत घृणित है, इसलिए उसे निलंबित करने की संस्तुति जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजी जा रही है। साथ ही सोमवार से विद्यालय संचालन हेतु दो महिला शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था की जाएगी।

थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि घटना को लेकर प्राप्त आवेदन के आधार पर पोक्सो एक्ट की धाराएं लगाकर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर