Explore

Search

March 5, 2026 1:19 am

सिवान : सावन का पावन आगाज, शिवमय हुआ सिवान

सावन का पावन आगाज, शिवमय हुआ सिवान
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सिवान : हे शंभू बाबा, मेरे भोलेनाथ… जैसे भक्ति गीतों के साथ सिवान जिला शुक्रवार को सावन मास के पहले दिन पूरी तरह शिवमय हो गया। भगवान शिव की आराधना के इस विशेष माह की शुरुआत श्रद्धा और भक्ति के साथ हुई। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक स्थित शिवालयों में सुबह से ही भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

श्रद्धालु हाथों में पूजा सामग्री लिए शिवालयों में पहुंचे और शिवलिंग पर दूध, जल, बेलपत्र, आंक, धतूरा चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही गणेश, पार्वती और हनुमान जी की भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई। हर-हर महादेव, ॐ नमः शिवाय और जय शिव शंभू के उद्घोष से मंदिर परिसर गूंज उठा।

शहर के महादेवा पंचमुखी शिव मंदिर, फतेहपुर शिव मंदिर, डाकबंगला मोड़ शिवालय, श्रीनगर शिव मंदिर, भावनाथ मंदिर, मखदुम सराय स्थित शिवालय और स्टेशन रोड समेत अन्य मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

मंदिरों में घंटी, शंख और घडिय़ाल की ध्वनि के साथ शिव की महाआरती हुई, जिसमें भक्तों ने सामूहिक रूप से भाग लिया। घरों में भी शिवभक्तों ने भजन-पूजन कर इस पावन महीने की शुरुआत की।

आंदर के पड़ेजी निवासी आचार्य पंडित उमाशंकर पांडेय ने कहा कि हिन्दू धर्म में सावन मास को विशेष महत्व प्राप्त है। इस पूरे महीने शिव आराधना से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और पापों से मुक्ति मिलती है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर