80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया बाबा महेंद्रानाथ का जलाभिषेक
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सावन की शुरुआत में उमड़ा भक्तों का सैलाब, मंदिर परिसर रहा दिनभर गुलजार
सिवान: सिसवन प्रखंड के ऐतिहासिक मेहंदार स्थित बाबा महेंद्रानाथ धाम में सावन मास के पहले सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। अलसुबह एक बजे आरती के साथ जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक निर्बाध रूप से चलता रहा। श्रद्धालुओं का जनसैलाब मंदिर प्रांगण से लेकर बाहर तक उमड़ा रहा। जल पात्र हाथ में लिए भक्त ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए बाबा के दर्शन को आतुर दिखे।

मंदिर प्रशासन और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार को करीब 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा महेंद्रानाथ का जलाभिषेक कर अपने कर्तव्यों की पूर्ति की। भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट, महिला पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल की तैनाती की गई थी।
श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जलाभिषेक के पश्चात भक्तों के चेहरों पर आत्मिक संतोष झलक रहा था। कई श्रद्धालु नंगे पांव दूर-दूर से पदयात्रा कर बाबा महेंद्रनाथ की शरण में पहुंचे थे।

मेहंदार के अलावा कचनार स्थित बौद्धनाथ मंदिर, सिसवन का महादेव मंदिर, चैनपुर का कशेश्वर महादेव मंदिर सहित आस-पास के सभी प्रमुख शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शिवभक्ति में लीन हो गए।

