सिवान में करंट की चपेट में आने से सलमान की मौत, पोस्टमार्टम के दौरान शव छोड़कर भागे परिजन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर में हुआ हादसा, मृतक सारण के मढ़ौरा का रहने वाला था
सिवान। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव में गुरुवार को करंट की चपेट में आने से सलमान खान नामक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के एहसान खान का पुत्र था और बीते एक वर्ष से सिवान में रहकर एक चिकन दुकान में कार्य कर रहा था।
घटना के बारे में बताया गया कि गुरुवार को दुकान में काम करने के दौरान अचानक सलमान बिजली के करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान मृतक का शव लेकर आए सभी लोग उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। देर शाम तक शव पोस्टमार्टम हाउस में बिना किसी दावे के पड़ा रहा, जिससे प्रशासनिक हलचल मच गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल है।

