Explore

Search

March 15, 2026 9:56 am

सिवान : मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण के विरोध में इंडिया महागठबंधन का ग्रामीण क्षेत्रों में मिला-जुला असर

मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण के विरोध में इंडिया महागठबंधन का ग्रामीण क्षेत्रों में मिला-जुला असर
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सिवान के महाराजगंज, हसनपुरा, भगवानपुर हाट व लकड़ी नबीगंज प्रखंडों में दिखा बंद का असर

सिवान : बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में इंडिया महागठबंधन द्वारा आहूत बिहार बंद का व्यापक असर जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला। राजद, कांग्रेस, भाकपा माले सहित अन्य सहयोगी दलों के कार्यकर्ता बुधवार की सुबह से ही सड़कों पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कई प्रमुख मार्गों को बाधित कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगह टायर जलाए, बांस-बल्ले लगाकर सड़क अवरुद्ध की और सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात को ठप कर दिया। इससे आम जनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि बाइक सवार ग्रामीण रूटों से अपने गंतव्यों की ओर जाते दिखे।

महाराजगंज में पूरी तरह ठप रहा जनजीवन
महाराजगंज में राजद नेता राजकिशोर गुप्ता, अरविंद गुप्ता, चंदन कुमार, हंसनाथ यादव एवं रूपचंद्र यादव के नेतृत्व में फुलेना शहीद स्मारक और राजेंद्र चौक पर बांस-बली लगाकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया। वहीं, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष संजीत कुमार पुलिस बल के साथ लगातार गश्त लगाते नजर आए।

भगवानपुर हाट में मिला-जुला असर
भगवानपुर हाट प्रखंड मुख्यालय के बाजार क्षेत्र में एनएच-331 को राजद और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया। कार्यकर्ता केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इस दौरान सड़कों पर वाहन संचालन पूरी तरह बंद रहा। हालांकि सरकारी, गैर सरकारी कार्यालय, बैंक, विद्यालय और बाजार की दुकानें खुली रहीं।

प्रदर्शन में राजद नेता व जिला पार्षद सुशील कुमार डब्लू, श्रीराम राय, अशोक राय, बंगाली प्रसाद, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष कमल किशोर ठाकुर व सत्येंद्र नारायण सिंह समेत कई नेता शामिल थे। बंद के कारण एनएच-331 पर ट्रकों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को कठिनाई झेलनी पड़ी।

हसनपुरा में बीएलओ की सूची में धांधली का आरोप
हसनपुरा चारमुहानी पर महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर घंटों विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि बीएलओ की सूची में भारी गड़बड़ी है। सत्तारूढ़ दल के इशारे पर अपात्र लोगों को सूची में जोड़ा जा रहा है, जबकि योग्य मतदाताओं को हटाया जा रहा है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राजद नेता सतीश यादव ने कहा कि यह लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है और निर्वाचन आयोग को तत्काल निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।

लकड़ी नबीगंज में एनएच 331 पर घंटों जाम
लकड़ी नबीगंज प्रखंड के लखनौरा स्थित एनएच 331 पर कांग्रेस व राजद कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराया। मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो. अब्दुल रकीब, राजद प्रखंड अध्यक्ष समीउल्लाह सिद्दीकी, फारवर्ड ब्लॉक किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामायण सिंह, मुखिया संघ उपाध्यक्ष नंदकिशोर यादव समेत अन्य नेता मौजूद थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर