जामो : जेनरेटर का चक्का फटने से किशोर की मौत, पिता गंभीर घायल, गांव में शोक का माहौल
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
रामपुर सोमवारी बाजार में हादसा, आकाश की मौत, अजीत साह जिंदगी से जूझ रहे, मुआवजे की मांग तेज
बड़हरिया (सिवान) : जामो थाना क्षेत्र के रामपुर सोमवारी बाजार में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में जेनरेटर का चक्का फटने से 15 वर्षीय आकाश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता अजीत साह और जेनरेटर मिस्त्री हरिकिशोर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जेनरेटर की मरम्मत के बाद ट्रायल लिया जा रहा था, उसी दौरान तेज धमाके के साथ चक्का फट गया। हादसे में पास खड़े आकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता अजीत साह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद अजीत साह की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं, हरिकिशोर सिंह का इलाज सिवान सदर अस्पताल में चल रहा है।
स्वजनों के अनुसार अजीत साह की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
इधर, आकाश की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि सत्येंद्र साह, शिक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रमोद साह, संजीत शर्मा, सुभाष यादव और राजेश पटेल सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी।
सभी ने प्रशासन से मांग की कि मृतक आकाश के परिवार को चार लाख रुपये मुआवजा दिया जाए और गंभीर रूप से घायल अजीत साह एवं मिस्त्री हरिकिशोर सिंह के इलाज में पूरी सरकारी सहायता दी जाए।

