गर्मी की छुट्टी के बाद विद्यालय पहुंचे बच्चों का शिक्षकों ने तिलक लगाकर किया स्वागत
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बच्चों को मिला आत्मीय स्वागत, पर्यावरण संरक्षण का भी दिया गया संदेश
सिवान : जिले के सभी प्रखंडों के सरकारी विद्यालयों में सोमवार को ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय खुलते ही चहल-पहल लौट आई। विद्यालयों में शिक्षकों ने विद्यार्थियों का तिलक, आरती व पौधा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। यह दृश्य बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और उत्साह लेकर आया।
कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को जब कक्षाओं में प्रवेश से पहले तिलक कर, आरती उतार और हाथ मिलाकर स्वागत किया गया, तो छात्रों में आत्मविश्वास और मनोबल में वृद्धि स्पष्ट दिखी। शिक्षकों की इस पहल की अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की।
इस अवसर पर पर्यावरण के प्रति बच्चों में जागरूकता लाने हेतु शिक्षकों ने छात्रों को पौधे भेंट किए तथा विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया।
ज्ञात हो कि सभी सरकारी विद्यालयों में दो जून से ग्रीष्मावकाश घोषित था और छात्रों को छुट्टियों में कुछ रचनात्मक कार्य दिए गए थे। अब 20 दिनों के अवकाश के बाद विद्यालय खुलते ही ‘स्वागत सप्ताह’ की शुरुआत की गई है, जो 27 जून तक चलेगा।
स्वागत सप्ताह की प्रमुख गतिविधियां इस प्रकार हैं:
- 24 जून (गृहकार्य एक्सप्रेस): ग्रीष्मावकाश में मिले गृहकार्य की समीक्षा और श्रेष्ठ छात्रों का सम्मान।
- 25 जून (गणित एक्सप्रेस): गणितीय गतिविधियों और कार्यों का मूल्यांकन।
- 26 जून (रीडिंग एक्सप्रेस): महान व्यक्तित्वों पर आधारित कहानियों, गीतों और कविताओं की पढ़ाई।
- 27 जून (स्वागत सप्ताह एक्सप्रेस): सभी छात्रों को विद्यालय से जुड़ाव के लिए प्रेरित करने वाली गतिविधियां आयोजित होंगी।
यह अभियान जिला मुख्यालय के साथ-साथ महाराजगंज, सिसवन, दारौंदा, भगवानपुर हाट, बसंतपुर, लकड़ी नबीगंज, गोरेयाकोठी, बड़हरिया, मैरवा, गुठनी, आंदर, हसनपुरा, हुसैनगंज, पचरुखी, जीरादेई, नौतन सहित सभी प्रखंडों में एक साथ चलाया जा रहा है।

