Explore

Search

March 4, 2026 7:31 am

गोरेयाकोठी : उप डाकपाल की मौत मामले में पत्नी सहित पांच पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

उप डाकपाल की मौत मामले में पत्नी सहित पांच पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सिवान: गोरेयाकोठी मुख्यालय स्थित डाकघर में सोमवार को संदिग्ध हालात में मृत पाए गए उप डाकपाल की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के भाई अजय कुमार मांझी के बयान पर पुलिस ने मृतक की पत्नी ज्ञांती देवी, उसके पिता जगलाल मांझी, डाकघर के एजेंट रामविलास सिंह, मनंजय कुमार साह और एक डाटा ऑपरेटर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

अजय कुमार मांझी ने अपने बयान में कहा है कि उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई का शव डाकघर में छत की कड़ी से रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से चार दिन पहले उनके भाई ने बताया था कि एजेंट रामविलास सिंह ने उनसे हस्ताक्षर कराकर अमित कुमार नाम के व्यक्ति का पैसा उनके खाते में ट्रांसफर करा लिया था। जब पैसे लौटाने की बात कही गई तो जान से मारने की धमकी दी गई।

बयान में यह भी कहा गया है कि मृतक ने संदेह जताया था कि उनकी पत्नी और ससुर भी रामविलास सिंह के साथ मिलकर उनकी हत्या करा सकते हैं। आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि इन सभी लोगों ने मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके कारण उनके भाई को अपनी जान गंवानी पड़ी।

पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधर, घटना को लेकर क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी चर्चाओं का दौर जारी रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि मृतक कार्यालय खुलने से एक से डेढ़ घंटे पहले ही डाकघर कैसे पहुंच गया? यह समय से पहले आना भी संदेह की दृष्टि से देखा जा रहा है। अब इस पर से पर्दा पुलिस जांच के बाद ही उठेगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर