संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से होमगार्ड जवान की मौत, शव रखकर सड़क जाम कर परिजनों ने किया प्रदर्शन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान: असांव थाना में तैनात एक होमगार्ड जवान की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से मौत हो गई। गोली जवान के सिर में लगी थी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दरौली थाना क्षेत्र के टिकुलिया गांव निवासी श्रीराम गोड़ के 35 वर्षीय पुत्र राजकुमार गोड़ के रूप में की गई है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि होमगार्ड जवान राजकुमार गोड़ असांव थाना से सटे एक बंद पड़े निजी विद्यालय परिसर में सो रहे थे। उसी दौरान राइफल से निकली गोली उनके सिर में लग गई। जब सुबह अन्य होमगार्ड जवान रात्रि गश्त से लौटे तो उन्होंने राजकुमार को जमीन पर मृत पाया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के स्वजन मौके पर पहुंचे और शव को देख विलाप करने लगे। इसके बाद आक्रोशित स्वजनों ने शव को थाना गेट के सामने रखकर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया और सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
स्वजनों ने घटना को हत्या बताते हुए कहा कि राजकुमार की किसी ने गोली मारकर हत्या की है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की और पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मैरवा प्रक्षेत्र की एसडीपीओ गौरी कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित स्वजनों से बातचीत की। उन्होंने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम हटाया गया।
इधर, पुलिस ने मृत होमगार्ड की राइफल को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल जवान की मौत दुर्घटना है या हत्या, यह जांच का विषय बना हुआ है।