एसपी ने किया श्रीकलपुर चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
पशु व शराब तस्करी पर निगरानी, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
गुठनी (सिवान) : जिले के एसपी अमितेश कुमार ने रविवार की देर शाम थाना क्षेत्र के श्रीकलपुर चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत की और कई दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, साफ-सफाई बनाए रखने और तस्करों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह चेकपोस्ट अंतर प्रांतीय सीमा पर स्थित है, इसलिए यहां से पशु तस्करी, शराब तस्करी और अपराधियों की आवाजाही पर सख्ती से नजर रखी जाए।
उन्होंने चेक पोस्ट पर तैनात आबकारी विभाग के जवानों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे नियमित जांच अभियान चलाकर शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने चेकपोस्ट पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा भी लिया। मौके पर एसआई कपिलेश्वर साह समेत दर्जनों पुलिसकर्मी उपस्थित थे।

