Explore

Search

March 13, 2026 2:07 pm

हसनपुरा : पियाउर फायरिंग मामले में दोनों पक्ष आमने-सामने, एक-दूसरे पर दर्ज कराई प्राथमिकी

पियाउर फायरिंग मामले में दोनों पक्ष आमने-सामने, एक-दूसरे पर दर्ज कराई प्राथमिकी
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

बकरीद के दिन फायरिंग के बाद बढ़ा तनाव, पुलिस ने दोनों पक्षों की प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच

हसनपुरा (सिवान): एमएच नगर थाना क्षेत्र के पियाउर गांव में बकरीद की नमाज के बाद हुई फायरिंग की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। अब इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिससे तनाव और बढ़ गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

पहले पक्ष के साहेब हुसैन ने दर्ज प्राथमिकी में अबरे आलम और जाहिद हुसैन पर रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। साहेब हुसैन का दावा है कि जाहिद हुसैन ने उन पर चाकू से भी हमला करने की कोशिश की। उन्होंने दोनों आरोपितों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए कहा है कि वे पूर्व में हत्या मामले में बेल पर बाहर हैं।

वहीं, दूसरे पक्ष से अबरे आलम ने अरमान अहमद, एहसानुल हक, कमरान अहमद, साहेब हुसैन और इम्तियाज अहमद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि ये पांचों लोग हथियार के बल पर उनके घर में घुसे, एक लाख रुपये नकद और चार भर सोने की चेन छीन ली और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में भी उन पर तीन बार हमला हो चुका है।

एमएच नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर