भगवानपुर हाट में शराब लदी कार व बाइक जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
माघर बाजार में वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई 186.4 लीटर विदेशी शराब, दूसरा तस्कर फरार
भगवानपुर हाट (सिवान): थाना क्षेत्र के माघर बाजार के समीप शुक्रवार की शाम पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वाहनों से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। साथ ही एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया।
थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने बताया कि शुक्रवार की शाम एसआई राजेश कुमार सिंह और एएसआई राजीव कुमार द्वारा संयुक्त गश्त व वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक कार और एक पल्सर बाइक पर सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। जांच के क्रम में कार से 10 कार्टन यानी 86.4 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, वहीं कार चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान माघर निवासी आशीष कुमार महतो के रूप में हुई है।
इसी दौरान बाइक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने बाइक पर रखा काला बैग जब्त किया। बैग की तलाशी में 100 लीटर अवैध शराब और मिली, जिससे कुल जब्त शराब की मात्रा 186.4 लीटर हो गई।
गिरफ्तार आशीष ने पूछताछ में फरार तस्कर का नाम माघर निवासी शैलेश कुमार महतो बताया है। पुलिस ने मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए आशीष को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

