Explore

Search

August 5, 2026 4:38 am

पचरूखी : कोदई दुर्गा मंदिर में गूंजे भक्ति के स्वर, अष्टयाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

रामबढ़ाई प्रसाद के नेतृत्व में हुआ आयोजन, सोमवार सुबह तक चलेगा अखंड अष्टयाम

सिवान : पचरूखी प्रखंड के कोदई गांव स्थित दुर्गा मंदिर में रविवार को भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां अखंड अष्टयाम का आयोजन धूमधाम से शुरू हुआ। इस 24 घंटे चलने वाले धार्मिक अनुष्ठान की अगुवाई माता वैष्णो देवी दर्शन समिति के सक्रिय सदस्य रामबढ़ाई प्रसाद ने की, जबकि पूजा-अर्चना वेदाचार्य पवन कुमार मिश्रा द्वारा संपन्न कराई गई।

पूरे गांव में भक्ति का माहौल छा गया है। भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों की धुनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से फूलों, रंग-बिरंगे झंडों और झांकियों से सजाया गया है। दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालु भी इस आयोजन में भाग लेने पहुंचे हैं।

समिति द्वारा भक्तों के लिए प्रसाद, पेयजल और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की बड़ी संख्या में भागीदारी ने आयोजन को और भी पावन और भव्य बना दिया है।

रामबढ़ाई प्रसाद ने बताया कि यह अखंड अष्टयाम सोमवार सुबह 8 बजे संपन्न होगा। उन्होंने यह भी कहा कि समिति भविष्य में भी इस तरह के धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखेगी।

इस मौके पर प्रमुख रूप से वेदाचार्य पवन कुमार मिश्रा, श्रीराम प्रसाद, विनोद कुमार, नगनारायण प्रसाद, श्रीभगवान प्रसाद, जग नारायण भगत, अमरेंद्र कुमार, समिति अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह, संरक्षक अरविंद कुमार पांडेय, मुन्ना सिंह सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर