Explore

Search

May 13, 2026 11:40 pm

सिसवन : तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार को रौंदा, महिला सहित तीन घायल

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

घायलों में पति-पत्नी व मासूम बेटा शामिल, महिला की हालत गंभीर, सदर अस्पताल रेफर

सिसवन (सिवान) : सिसवन थाना क्षेत्र के घुरघाट गांव के समीप सिसवन-सिवान स्टेट हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार परिवार को रौंद दिया। हादसे में महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल सिवान रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान कचनार निवासी कौशल किशोर वर्मा, उनकी पत्नी अनीता देवी एवं सात वर्षीय पुत्र वैभव कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों लोग बाइक से चैनपुर बाजार से अपने गांव कचनार लौट रहे थे। इसी दौरान घुरघाट के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था। ग्रामीणों ने घायलों को तत्परता से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार अनीता देवी की हालत अत्यंत गंभीर है, जिसे देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर