✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
तेज रफ्तार वाहन ने ली दुकानदार की जान, शव रख सड़क किया जाम, आगजनी से माहौल तनावपूर्ण
सिवान : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिवान कचहरी ढाला के समीप बुधवार की सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से एक दुकानदार की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आगजनी कर सिवान-मैरवा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लखरांव निवासी बलिंदर यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह रोज़ की तरह ललित बस स्टैंड स्थित अपने होटल पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुकानदार को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही स्वजनों को सौंपा गया, आक्रोशित लोगों ने सिवान-मैरवा मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे थे। इस दौरान सड़क पर आगजनी भी की गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना पाकर मुफस्सिल थाना प्रभारी अशोक कुमार दास दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम हटवाया जा सका। पुलिस ने बताया कि अभी तक स्वजनों की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है, आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, सड़क जाम करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है।



