✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
मैरवा के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कैथवली में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन, बच्चों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुस्तकें दी गईं
मैरवा (सिवान): प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कैथवली में मंगलवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 42 छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ओझा रहे, जिन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि उनके माता-पिता और गुरुजनों की भी भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। उन्होंने राज्य सरकार व शिक्षा विभाग की योजनाओं का भी उल्लेख किया, जो विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में सहायक सिद्ध हो रही हैं।
धीरेंद्र कुमार ओझा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न सिर्फ प्रतिभाशाली बच्चों को प्रेरित करते हैं, बल्कि उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रोत्साहन का माध्यम बनते हैं, जो भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करने की चाह रखते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार को इस आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे प्रयास छात्र-छात्राओं के मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
समारोह के आरंभ में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का स्वागत विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुदर्शन प्रसाद और वरीय शिक्षकों द्वारा पुष्पमाला, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। वहीं विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
शिक्षक संतोष सिंह ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है और वे उच्च लक्ष्य की ओर अग्रसर होते हैं।