✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
एसटीएफ और सिवान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हथियार और गोलियों का जखीरा बरामद, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
मैरवा (सिवान): बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और सिवान पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए मोतिहारी जिला के टॉप टेन वांछित और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत चार अपराधियों को मैरवा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार पिस्टल, एक देसी कट्टा, 37 जिंदा गोली, तीन बाइक और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान पूर्वी चंपारण के कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के कुंडवा निवासी आर्यन कुमार उर्फ अंशराज, वैशाली के हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के हतसारगंज निवासी प्रफुल्ल उर्फ विकास कुमार, वैशाली के गोरौल थाना क्षेत्र के मंझिरावा निवासी आशुतोष कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आर्यन कुमार उर्फ अंशराज के खिलाफ पूर्वी चंपारण जिले के कुंडवा चैनपुर थाना में 21 जुलाई 2022 को सुरेश सिंह की हत्या का मामला दर्ज है। उसके खिलाफ डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत भी कई गंभीर मामले चल रहे हैं। वहीं प्रफुल्ल उर्फ विकास कुमार के विरुद्ध नालंदा और पटना जिले के विभिन्न थानों में डकैती और हथियार कानून से संबंधित मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद चारों अपराधियों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि ये अपराधी सिवान जिले में किन मंसूबों के तहत पहुंचे थे और इनके पीछे कोई बड़ा गैंग तो सक्रिय नहीं है।