Explore

Search

May 31, 2026 1:46 pm

भगवानपुर हाट : सिवान में कर्ज लौटाने के विवाद में युवक को मारी गोली, चार पर प्राथमिकी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

घायल के फर्द बयान के आधार पर भगवानपुर हाट थाना में दर्ज हुआ मामला

भगवानपुर हाट (सिवान): थाना क्षेत्र के सरहरी गांव में कर्ज के विवाद को लेकर गोली चलने की घटना में घायल युवक संजीव कुमार सिंह के फर्द बयान पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। घायल ने इलाज के दौरान 18 मार्च को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में अपना फर्द बयान दर्ज कराया था, जिसके आधार पर प्राथमिकी की गई।

संजीव कुमार सिंह ने अपने बयान में बताया कि कुछ महीने पहले गांव के ही गोलू सिंह ने उनसे सवा लाख रुपये कर्ज लिया था। तय समय पर रुपया वापस नहीं करने पर कई बार पैसे की मांग की गई, लेकिन गोलू लगातार टालमटोल करता रहा। इसी सिलसिले में 26 फरवरी की रात जब वह घर पर सोया था, तभी दरवाजे पर आवाज देने पर वह बाहर निकला। बाहर शैलेश ठाकुर का बड़ा पुत्र मिला, जिसने बताया कि गोलू सिंह गाड़ी में बैठा है और रुपये लौटाने के लिए बुला रहा है।

संजीव ने आगे बताया कि जब वह उसके साथ गाड़ी की ओर बढ़ा तो दो और लड़के वहां आ गए। इसी बीच गोलू सिंह के कहने पर अभिषेक सिंह ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली बचने की कोशिश के बावजूद संजीव के दाहिने हाथ की कोहनी के नीचे लग गई, जिससे वह घायल हो गया।

इस मामले में संजीव कुमार सिंह ने गोलू सिंह, अभिषेक सिंह समेत कुल चार लोगों को आरोपित किया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर