✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
संठी गांव में भीषण अगलगी, 150 किसानों की फसल राख, मुआवजे की मांग
सिवान जिले के रघुनाथपुर प्रखंड अंतर्गत संठी गांव में शुक्रवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब चंवर क्षेत्र के खेतों में अचानक आग लग गई। इस आग ने विकराल रूप धारण करते हुए लगभग सौ बीघा में लगी गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया। आग की भयावहता के कारण पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गांव के लोग आग बुझाने में जुट गए और झांग, झाड़ी, धूल और पानी की सहायता से किसी तरह आग पर काबू पाया। तेज पछुआ हवा ने आग को और भड़का दिया, जिससे आग की लपटें दूर-दूर तक फैल गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी व्यक्ति द्वारा बीड़ी या सिगरेट पीकर फेंका गया जलता टुकड़ा इसका कारण हो सकता है। आग की चपेट में आने से करीब 150 किसानों की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई।
किसानों का कहना है कि इस अगलगी में लगभग 30 से 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वे प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि आपदा प्रबंधन विभाग या अंचल कार्यालय द्वारा उन्हें शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
घटना के वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसमें खेतों में उठती आग की लपटें और उसे बुझाने का संघर्ष देखा जा सकता है। हर कोई इस घटना को दुखद बता रहा है।
उल्लेखनीय है कि जिले में इस समय गेहूं की कटाई और दौनी का कार्य जोरों पर है, लेकिन हाल ही के दिनों में खराब मौसम ने इस कार्य को प्रभावित किया था, जिससे खेतों में खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है।

