✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
ढाई करोड़ की लागत से बनेगा भवन, पंचायतवासियों को मिलेंगी सारी सुविधाएं एक जगह
भगवानपुर हाट (सिवान) : शंकरपुर पंचायत के कोइरीगांवा गांव में बुधवार को पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर भूमि पूजन कर आधारशिला रखी गई। मुखिया प्रतिनिधि सुमन कुमार प्रसाद ने वैदिक रीति से पूजा अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया।
ज्ञात हो कि राज्य सरकार द्वारा सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन निर्माण की योजना चलाई जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाएं सहज और सुलभ हो सकें। इसी क्रम में शंकरपुर पंचायत में ढाई करोड़ रुपये की लागत से यह भवन बनाया जाएगा।
इस भवन के बन जाने से ग्रामीणों को विभिन्न कार्यों जैसे जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, पेंशन आदि के लिए प्रखंड मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। पंचायत सरकार भवन में प्रखंड, अंचल तथा अन्य विभागों के कार्य भी निष्पादित किए जाएंगे।
भूमि पूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ दिनेश कुमार प्रसाद, श्रीराम यादव, प्रभु यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों में इस योजना को लेकर उत्साह और संतोष देखा गया।

