✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
गुप्त सूचना पर पुलिस ने मधवापुर से दोनों को पकड़ा, न्यायालय में महिला का होगा बयान
दारौंदा (सिवान) : फरवरी माह में शादी की नीयत से एक विवाहित महिला को भगाने के मामले में फरार चल रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर मिल्की मधवापुर गांव में की। थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक गुड्डू कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि महिला को बुधवार को न्यायालय में 164 के बयान के लिए भेजा गया है।
बताया जाता है कि दारौंदा थाना क्षेत्र के एक गांव से दो बच्चों की मां को प्रेम प्रसंग में फंसा कर शादी की नीयत से भगाया गया था। इस संबंध में महिला के ससुर ने थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके तीन पुत्र हैं, जो सभी बाहर काम करते हैं। उनके बड़े बेटे की शादी 2019 में सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के डोहर गांव में हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं।
ससुर ने आवेदन में आरोप लगाया था कि उनके पड़ोसी गुड्डू कुमार ने दवा दिलाने के बहाने उनकी बहू को बहला-फुसलाकर भगा लिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार छानबीन में जुटी हुई थी। कई जगहों पर छापेमारी के बाद अंततः मंगलवार को पुलिस को सफलता मिली और दोनों को बरामद कर लिया गया।