Explore

Search

June 21, 2026 3:35 pm

आंदर : पिता की हत्या मामले में भाई ने कराई प्राथमिकी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

शराब के नशे में पिता की ईंट से कूचकर हत्या, मां गंभीर रूप से घायल

सिवान (आंदर): थाना क्षेत्र के भवराजपुर गांव में पिता की हत्या मामले में सोमवार को मृतक के बेटे अफरोज अंसारी के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना 20 अप्रैल की रात की है, जब युवक किताबुद्दीन अंसारी ने शराब के नशे में अपने ही पिता हदीस अंसारी की ईंट से कूचकर हत्या कर दी थी।

प्राथमिकी में अफरोज अंसारी ने बताया कि रविवार की रात उसका भाई किताबुद्दीन शराब पीकर घर आया और बिना कारण अपनी पत्नी आइसा खातून के साथ मारपीट करने लगा। इसके बाद वह अपनी मां हदीशन खातून से बाइक की चाबी मांगने लगा। मां के इनकार करने पर वह उनसे भी मारपीट करने लगा। हल्ला सुनकर पिता हदीस अंसारी झगड़ा शांत कराने पहुंचे तो किताबुद्दीन ने उन पर भी हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया।

परिजनों ने दोनों घायलों को आंदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हदीस अंसारी को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल मां को सदर अस्पताल और फिर वहां से एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

थानाध्यक्ष पप्पन कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी किताबुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है और सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर