✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बभनवारा गांव में शराब के नशे में धुत्त सरपंच ने वैन पर किया हमला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
सिवान (बड़हरिया): बभनवारा गांव में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हरदोबारा पंचायत के सरपंच विनोद कुमार शराब के नशे में धुत्त होकर बच्चों से भरी एक निजी स्कूल वैन पर हमला कर दिया। इस घटना से वैन में सवार बच्चों में दहशत फैल गई और चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन हरदोबारा और बभनवारा से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में नशे में धुत्त सरपंच विनोद कुमार अचानक वैन के सामने आ गया और उसने वैन के आगे से हमला करते हुए शीशा तोड़ दिया। ग्रामीणों ने सरपंच को समझा-बुझाकर रास्ते से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह हटने को तैयार नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची और सरपंच को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि स्कूल प्रशासन द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सरपंच द्वारा इस प्रकार की हरकत पहले भी हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोग भयभीत और आक्रोशित हैं।

