✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
महाराजगंज में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने ममता सरकार पर बोला हमला, राष्ट्रपति शासन की मांग की
महाराजगंज (सिवान) : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन बिल को लेकर हुई घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने शुक्रवार की रात ममता सरकार को पूरी तरह असफल करार दिया। वे कपिया निजामत स्थित कामाख्या नारायण सिंह के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सांसद ने कहा कि मुर्शिदाबाद की घटना पूरी तरह अमानवीय है और इससे यह साफ हो गया है कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां की सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है और निर्दोष लोगों पर लगातार हमले हो रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है।
सिग्रीवाल ने कहा कि इस स्थिति से निपटने के लिए पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बंगाल की जनता ममता सरकार को उचित जवाब देगी।
बिहार की राजनीति पर बात करते हुए सांसद ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में अभी से बिखराव शुरू हो चुका है, जो चुनाव तक पूरी तरह धराशायी हो जाएगा।
इस मौके पर डॉ. त्रिपुरारी शरण सिंह, अजय कुमार सिंह, राहुल सिंह, मनीष सिंह, संजय सिंह राजपूत, विजय कुमार, शैलु यादव, विकास कुमार सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

