✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
568.84 करोड़ की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज का कार्य तेज करने का निर्देश, अस्पताल सेवा साल के अंत तक शुरू होने की संभावना
मैरवा (सिवान) : जिले के मैरवा प्रखंड के भोपतपुरा में बन रहे मेडिकल कॉलेज का गुरुवार को बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने निरीक्षण किया। 568 करोड़ 84 लाख की लागत से निर्माणाधीन इस परियोजना का मंत्री ने स्थल पर पहुंचकर विस्तार से जायजा लिया और कार्य में गति लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य करा रही कंपनी के अधिकारियों एवं इंजीनियरों को वर्ष के अंत तक अस्पताल सेवा शुरू करने के लक्ष्य के साथ काम को तेज गति से करने और मैनपावर बढ़ाने का आदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में हेलीपैड निर्माण का भी निर्देश दिया।
मंत्री ने मौके पर कुणाल कंस्ट्रक्शन के हेड इंचार्ज चेतन कटारिया, प्रोजेक्ट मैनेजर संतोष कुमार और मनोज कुमार से मेन ब्लॉक, रेजिडेंशियल ब्लॉक, होस्टल ब्लॉक, इंजीनियरिंग व हॉस्पिटल सर्विसेज की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। बताया गया कि बीएमएसआईसीएल के अधिकारी लगातार कार्य का अनुश्रवण कर रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, विधायक कर्णजीत सिंह, पूर्व एमएलसी मनोज सिंह, राजीव प्रताप सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, कुणाल कुमार, विनय सिंह, अंकित राय, अंकित पांडेय, पुष्कर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।