✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने की जांच, दुकानदारों को दी चेतावनी— अवैध वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई
गुठनी (सिवान): गुठनी प्रखंड कार्यालय के सामने स्थित कई साइबर कैफे में राशन कार्ड के ऑनलाइन आवेदन के नाम पर अवैध रूप से राशि वसूली की शिकायत मिलने पर प्रशासन सख्त हो गया है। सोमवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) संतोष सिन्हा ने छापेमारी कर इन कैफे में जांच-पड़ताल की।
एमओ ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि इन साइबर कैफे के संचालक ग्राहकों से राशन कार्ड बनवाने के नाम पर अनाधिकृत शुल्क ले रहे हैं, साथ ही फर्जी तरीके से भी कार्ड बनाए जा रहे हैं। छापेमारी के दौरान जब दस्तावेजों की छानबीन की गई तो मौके पर कोई राशन कार्ड नहीं मिला। हालांकि, मौजूद ऑपरेटरों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे किसी भी ग्राहक से अवैध वसूली न करें।
एमओ ने आगे कहा कि यदि किसी ग्राहक से अवैध रूप से राशि ली जाती है और शिकायत मिलती है, तो संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस मामले में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाएगा।