Explore

Search

March 10, 2026 6:27 am

हसनपुरा: बरगद के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

धनौती गांव में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, फॉरेंसिक जांच की मांग पर अड़े ग्रामीण

एमएच नगर थाना क्षेत्र के धनौती गांव में मंगलवार की शाम एक बरगद के पेड़ से युवक का शव लटका मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनु राम के 20 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार के रूप में हुई है। परिजन और ग्रामीण युवक की हत्या की आशंका जता रहे हैं और फॉरेंसिक जांच टीम बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।

स्वजनों के अनुसार, गोविंद सोमवार की शाम से लापता था। लगातार खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार की शाम एक महिला जब बकरी चरा रही थी, तभी उसकी नजर पेड़ पर लटकते शव पर पड़ी। महिला के शोर मचाने पर गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

परिजन और ग्रामीणों ने शव को पेड़ से नीचे उतारने से मना कर दिया और स्पष्ट रूप से फॉरेंसिक जांच टीम को बुलाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गोविंद की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिहिर कुमार व पुअनि गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गोपालगंज से फॉरेंसिक जांच टीम को बुलाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व कॉल डिटेल के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जाएगी।

गोविंद कुमार तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था और गांव में रहकर मेहनत मजदूरी और ड्राइवरी का कार्य करता था। सोमवार को उसने गांव में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती समारोह में सक्रिय रूप से भाग लिया था, जिसके बाद से वह लापता हो गया।

मंगलवार को उसका शव पेड़ से लटकता मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है। मां मंजू देवी और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। समाचार प्रेषण तक फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंच सकी थी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर