✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुआरी गांव में सोमवार की दोपहर एक नवविवाहिता की मौत संदेहास्पद परिस्थितियों में हो गई। मृतका की पहचान महुआरी गांव निवासी जावेद साईं की 21 वर्षीय पत्नी फुलतारा खातून के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सिवान सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
इस मामले में मृतका के पिता कलामुद्दीन साईं ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि एक वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री की शादी जावेद साईं से की थी, लेकिन विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर फुलतारा को लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
आवेदन में कलामुद्दीन साईं ने कहा है कि सोमवार को दोपहर उन्हें ससुराल पक्ष की ओर से सूचना दी गई कि उनकी पुत्री की तबीयत खराब है और वे अस्पताल पहुंचे। जब वे अस्पताल पहुंचे तो देखा कि उनकी पुत्री मृत पड़ी हुई है, और उसके शरीर पर नीले निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे। उनका आरोप है कि उनकी पुत्री की हत्या की गई है।
कलामुद्दीन साईं ने यह भी बताया कि फुलतारा ने कुछ दिन पहले ही फोन पर उन्हें बताया था कि उसका पति, ससुर, नंद सहित अन्य ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते हैं।

