Explore

Search

March 17, 2026 9:46 am

आंदर: चारदीवारी तोड़कर जबरन रास्ता बनाने के आरोप में बीडीसी समेत आठ लोगों पर प्राथमिकी

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

जयजोर निवासी अमरनाथ सिन्हा ने पुलिस को दिए आवेदन में मारपीट, धमकी और मोबाइल छीनने का भी आरोप लगाया

सिवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र के जयजोर गांव में एक व्यक्ति की चारदीवारी तोड़कर जबरन रास्ता बनाने के मामले में पंचायत समिति सदस्य (बीडीसी) समेत आठ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस संबंध में पीड़ित अमरनाथ सिन्हा ने थाने में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया है कि 11 अप्रैल को सुबह करीब नौ बजे उनके घर के पीछे पूरब व पश्चिम दिशा में बनी चारदीवारी को जयजोर निवासी बीडीसी सदस्य मुन्ना गुप्ता, राजेश कुमार सिन्हा, राकेश कुमार सिन्हा, लीलावती कुंवर, सुभावती देवी, मुन्ना खरवार और रिंटू खरवार ने जबरन तोड़ दिया।

पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। इतना ही नहीं, आरोप है कि आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। थानाध्यक्ष पप्पन कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की छानबीन की जा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर