✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान : शहर के चांप स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में रविवार को पार्टी का 46वां स्थापना दिवस पूरे धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने झंडोतोलन किया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि यह हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है कि हम उस विचारधारा से जुड़े हैं, जो आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित जनसेवा का एक आंदोलन है। स्थापना दिवस के इस मौके पर रामनवमी पर्व के साथ दोहरी खुशी का माहौल देखा गया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव, पूर्व विधान पार्षद सह को-आपरेटिव बैंक अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा ने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई दी और पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। इस मौके पर जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव, हरेंद्र कुशवाहा, रामपुकार चौहान, जिला उपाध्यक्ष शर्मा नंद राम, अनुराधा गुप्ता, मुकेश कुमार बंटी, धनंजय सिंह, पूनम गिरि सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

