✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
फूलों की बारिश, शरबत-मिठाई व भाईचारे के संदेश के साथ निकला रामनवमी का जुलूस, ग्राम पंचायत राज गायघाट में अमन और एकता का नजारा
हसनपुरा प्रखंड के ग्राम पंचायत राज गायघाट में रामनवमी के अवसर पर जदयू नेता और पूर्व मुखिया प्रत्याशी सोनू अली की ओर से रामभक्तों का भव्य स्वागत किया गया। फूलों की वर्षा, शरबत, मिठाई और पानी की व्यवस्था के साथ जुलूस में उमड़े श्रद्धालुओं ने आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की। कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
सोनू अली द्वारा विगत वर्षों की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी रामनवमी के मौके पर श्रद्धालुओं के स्वागत में विशेष आयोजन किया गया। जुलूस मार्ग में जेसीबी से फूलों की बारिश कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया, वहीं जगह-जगह शरबत, मिठाई और पेयजल की व्यवस्था की गई।
गायघाट की धरती को ‘अमन पसंद’ बताते हुए सोनू अली ने कहा कि यहां का भाईचारा ही इसकी पहचान है। रामनवमी का जुलूस बिना किसी विवाद के शांति और सद्भाव के वातावरण में संपन्न हुआ।
सोनू अली ने राहत इंदौरी का शेर कोट करते हुए कहा –
“हम अपनी जान के दुश्मन को अपनी जान कहते हैं,
मोहब्बत की इसी मिट्टी को हिंदुस्तान कहते हैं।”
उन्होंने कहा कि यही जज़्बा, यही मोहब्बत और यही भाईचारा हमारे गाँव गायघाट की पहचान है, और रामनवमी जैसे पावन अवसर पर इस एकता को और मजबूत करने का संकल्प हम सभी को लेना चाहिए।

